
MADHUBANI:-छठ में नकली विदेशी शराब खपाने की साजिश नाकाम, अंधरी में आम के बगीचे में मिली नकली शराब की फैक्ट्री, 250 लीटर शराब जब्त, कारोबारी फरार
मधुबनी, 11 नवंबर। छठ महापर्व के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नकली विदेशी शराब खपाने की साजिश पर उत्पाद विभाग ने पानी फेर दिया। उत्पाद विभाग की गठित विशेष टीम ने मंगलवार की मध्यरात्रि बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अंधरी गांव स्थित वार्ड संख्या-2 में आम के बगीचे में नकली विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने अंधरी गांव में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान 120 लीटर होम्योपैथिक स्पिरिट। 250 लीटर नकली विदेशी शराब। विभिन्न ब्रांडों के विदेशी शराब के 5,550 ढक्कन। करीब 1,000 खाली बोतलें। विभिन्न ब्रांडों के 6,000 रैपर। नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला 550 मिलीलीटर रंग बरामद की गई।उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर अशोक महतो का पुत्र सुधीर महतो मौके से फरार हो गया। उसे गिरफ्तार करने के लिए उत्पाद विभाग की विशेष टीम लगातार विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जब्त सामग्री के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस अवैध कारोबार में कई बड़े सफेदपोश लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।



