
GOPALGAN: शादी के एक साल भी नहीं हुए पूरे, तेज रफ्तार वाहन ने छीन ली दंपती की जिंदगी
गोपालगंज, 10 नवंबर। जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दंपती की पहचान सिधवलिया थाना क्षेत्र के सिधवलिया गांव निवासी सुदामा राय के पुत्र अक्षय कुमार (26) और उनकी पत्नी पुष्पा देवी (22) के रूप में की गई है।
दोनों बथान से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दंपती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल में पहुंचे परिजन दोनों के शवों से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों के मुताबिक, अक्षय और पुष्पा की शादी पिछले साल नवंबर में हुई थी। शादी के एक साल भी पूरे नहीं हुए थे कि दोनों की एक साथ मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
इधर, पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। साथ ही टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



