
MADHUBANI:- कोतवाली चौक दुर्गा मंदिर के सामने 11000 वोल्ट के पोल से जान-माल का खतरा, वार्ड पार्षद ने DM-SP को लिखा पत्र
मधुबनी- 30 सितंबर। दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले ही मधुबनी शहर के कोतवाली चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने लगा 11 हजार वोल्ट का बिजली का पोल बड़ा हादसे को दावत दे रहा है। इसको लेकर नगर निगम के वार्ड 42 की वार्ड पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति सदस्य प्रभावती देवी ने जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और विद्युत कार्यपालक अभियंता (NBPDCL) को पत्र लिखा है।
पत्र के माध्यम से पार्षद ने बताया है कि दुर्गा मंदिर के ठीक सामने दिनकर एंड संस के बाहर 11000 वोल्ट प्रवाहित सीमेंट का बिजली पोल लगा हुआ है, जिसकी ऊंचाई निर्धारित मानक से काफी कम है। इस वर्ष भी मंदिर के बाहर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल बनाया जाना है। पंडाल बनने के कारण पंडाल के लोहे के स्ट्रक्चर के उक्त बिजली पोल और तार से सटने का खतरा बना रहता है, जिससे बड़ी जान-माल की दुर्घटना हो सकती है।
पार्षद ने पत्र में उल्लेख किया है कि सुरक्षा मानकों के अनुसार इन तारों पर क्रेडल गार्डिंग या केज गार्डिंग भी नहीं लगाया गया है। पिछले वर्ष इसी स्थान से थोड़ी दूरी पर इसी तरह की लापरवाही से एक लड़की की करंट लगने से मौत हो गई थी।
दुर्गा पूजा से पहले ऊंचा पोल लगाने की मांग—
प्रभावती देवी ने मांग की है कि आमजनों की सुरक्षा और लोकहित को देखते हुए दुर्गा पूजा आरंभ होने से पहले स्थल निरीक्षण कर उक्त सीमेंट के पोल को हटाकर निर्धारित मानक के अनुरूप लोहे का ऊंचा बिजली पोल लगाया जाए और तारों को सुरक्षित किया जाए।



