
MADHUBANI: छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट एंड एक्टिव, जिले में 626 दंडाधिकारी और 626 पुलिस पदाधिकारी तैनात, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मधुबनी, 11 नवंबर। लोक आस्था, श्रद्धा, भक्ति एवं सूर्योपासना का महापर्व छठ पूरे उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा तथा विधि-व्यवस्था संधारित रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
पर्व के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले में थानावार कुल 626 दंडाधिकारियों एवं 626 पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्धारित स्थल पर ससमय उपस्थित होकर पूरी मुस्तैदी एवं जवाबदेही के साथ अपने-अपने कर्तव्य का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में रहेंगे।
अफवाह फैलाने वाले, असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, SDPO एवं DSP मुख्यालय को अपने-अपने क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
नगर आयुक्त एवं सभी SDM को छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा नदी एवं तालाबों में पानी की गहराई का आकलन करने का निर्देश दिया गया है। खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने तथा लाल झंडे लगाने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालु खतरे वाले स्थानों की पहचान कर सकें और सुरक्षित सीमा के भीतर ही रहें।
घाटों पर गोताखोरों, आपदा मित्रों एवं SDRF टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। छठ घाटों पर पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों, रेफरल अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है। भीड़भाड़ वाले प्रमुख छठ घाटों पर एंबुलेंस एवं चिकित्सीय दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बिजली विभाग को निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, जिला अग्निशमन पदाधिकारी को अति संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले छठ घाटों के समीप अग्निशमन वाहनों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी SDM एवं SDPO को महत्वपूर्ण छठ घाटों के निकट क्विक रिस्पांस टीम गठित करने तथा मिनी कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया गया है।
पर्व की संवेदनशीलता एवं प्रशासनिक तैयारियों को देखते हुए 14 नवंबर से 17 नवंबर तक सभी प्रकार के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। विशेष परिस्थिति में जिला पदाधिकारी द्वारा SDM की अनुशंसा पर ही अवकाश की स्वीकृति दी जाएगी।
छठ महापर्व के सफल संचालन के लिए समाहरणालय, मधुबनी स्थित सभा कक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 06276-224425 है। नियंत्रण कक्ष में चार अलग-अलग पालियों में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे छठ महापर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के वातावरण में मनाएं। प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें, गहरे पानी एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें, बैरिकेडिंग एवं लाल झंडों से चिह्नित खतरनाक स्थानों से दूर रहें तथा घाटों पर पटाखे न फोड़ें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही अपुष्ट सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करें।



