
13 नवंबर से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व छठ, पं. ऋषिनाथ झा बोले- डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य देना ही छठ की सबसे बड़ी विशिष्टता
मधुबनी, 11 नवंबर। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होकर 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा। पर्व को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं।
पं. ऋषिनाथ झा ने बताया कि छठ की विशिष्टता है कि इसमें प्रकृति को ही आराध्य के रूप में पूजा जाता है। सूर्य, जल और पृथ्वी के प्रति आभार व्यक्त करने वाला यह पर्व मनुष्य और प्रकृति के संबंधों की सहज व्याख्या करता है।
— 13 नवंबर, शुक्रवार नहाय-खाय: व्रती नदी-तालाब में स्नान कर लौकी, चने की दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ व्रत की शुरुआत होगी।
— 14 नवंबर, शनिवार – खरना: दिनभर व्रत के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद बनेगा। प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास का संकल्प लेंगी।
— 15 नवंबर, रविवार -संध्या अर्घ्य: शाम को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
— 16 नवंबर, सोमवार – उषा अर्घ्य: सुबह उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन और पारण होगा।
पं. ऋषिनाथ झा ने कहा कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आत्मसंयम, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। इस पर्व में उगते सूर्य के साथ अस्त होते सूर्य को भी समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना जीवन के हर पड़ाव को स्वीकार करने का संदेश देता है, जबकि उगते सूर्य की आराधना नई ऊर्जा, आशा और नवजीवन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि बांस के सूप-दउरा में मौसमी फल, पारंपरिक प्रसाद के माध्यम से लोक संस्कृति तथा प्रकृति के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है। घाटों की सफाई और सामूहिक सहभागिता पर्व को सामाजिक एकता का प्रतीक बनाती है।



