
BIHAR:- दरभंगा में पश्चिम बंगाल के सर्राफा व्यवसायी से 62 किलो चांदी और नकदी की लूट का खुलासा, छोटू कुमार यादव व भाजपा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की समेत 5 गिरफ्तार
दरभंगा, 10 नवम्बर। दरभंगा जिले में पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा व्यवसायी से हथियार के बल पर चांदी और नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 62.040 किलोग्राम चांदी जैसी धातु के बिस्कुट, 5.94 लाख रुपये नकद, दो कार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने घटना के उद्भेदन के लिए सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभेन्दु कुमार सुमन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। पुलिस के अनुसार, सात नवंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच शोभन से एकमी जाने वाली सड़क पर एम्स के मुख्य द्वार से कुछ दूरी पहले दो शीशम के पेड़ों के पास अपराधियों ने सर्राफा व्यवसायी की गाड़ी रोककर लूटपाट की थी। इस दौरान गोलीबारी में चालक कौशिक के हाथ में गोली लगी थी।
पुलिस को नौ नवंबर को घटना की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी शुरू की गई। जांच में पता चला कि लूट की योजना घटना से कुछ दिन पहले रामबाग स्थित निक्की साह के कुशल रेस्टोरेंट में बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, व्यवसायी की गाड़ी की रेकी करने और उसके आवागमन की जानकारी जुटाने में चालक की भी भूमिका सामने आई है।
योजना के तहत सात नवंबर की रात शोभन चौक के पास सभी अपराधकर्मी एकत्रित हुए। इसके बाद दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधियों ने व्यवसायी की गाड़ी का पीछा किया और सुनसान स्थान पर उसे रोककर गोलीबारी की। गोली लगने से चालक घायल हो गया। इसके बाद अपराधी चांदी के बिस्कुट और नकदी से भरा बैग तथा बोरा लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कैदराबाद निवासी छोटू कुमार यादव के घर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर के ड्रेसिंग टेबल के दराज में काले प्लास्टिक में छिपाकर रखे गए 5,94,100 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर रामबाग स्थित कुशल रेस्टोरेंट के पास छापेमारी की गई। वहां खड़ी दो कारों की तलाशी में आसमानी और लाल रंग के बैग तथा अन्य सामान में रखे चांदी जैसी धातु के कुल 62.040 किलोग्राम बिस्कुट बरामद किए गए। बरामद धातु को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम की उपस्थिति में सीलबंद किया गया।
पुलिस ने इस मामले में छोटू कुमार यादव के अलावा भाजपा नगर महामंत्री विशाल महासेठ उर्फ विक्की,धीरज सोनी,संतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चन्द्र को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां तलाशी के दौरान 7.65 एमएम और केएफ अंकित एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने लूट में प्रयुक्त होने के संदेह में टाटा टिगोर और मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की है। स्विफ्ट कार पर कूटरचित निबंधन नंबर लगा होने की बात सामने आई है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी, वारदात में प्रयुक्त हथियार और लूटे गए शेष सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।



