
दरभंगा: LNMU में शिक्षक एवं पेंशनधारी शिक्षक संघ भवन का शिलान्यास, कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने किया वैदिक विधि-विधान से पूजन
दरभंगा, 11 नवंबर। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, कामेश्वर नगर, दरभंगा परिसर में शिक्षक एवं पेंशनधारी शिक्षक संघ भवन के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को भवन का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने वैदिक विधि-विधान एवं गरिमामय वातावरण में शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हंसदा वर्चुअल तौर पर मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रो. राम निरंजन केड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएन मूटा के अध्यक्ष प्रो. चन्द्रशेखर झा आजाद और एलएन मूटा के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार ने संयुक्त रूप से की।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक एवं पेंशनधारी शिक्षक संघ भवन का निर्माण विश्वविद्यालय के शिक्षक समुदाय की एक महत्वपूर्ण एवं दीर्घकालिक आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में सार्थक कदम है। यह भवन शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के सामूहिक विमर्श, संगठनात्मक गतिविधियों तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए पूर्व में विश्वविद्यालय के कुलपति से औपचारिक अनुरोध किया गया था। इस क्रम में शिलान्यास की तिथि एवं समय का निर्धारण करने के साथ-साथ निर्माण स्थल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विमर्श हुआ था। विश्वविद्यालय के सहायक अभियंता केशव कुमार एवं भू संपदा पदाधिकारी डॉ. कामेश्वर पासवान ने स्थल की तैयारी तथा आवश्यक व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया।
एलएन. मूटा के महासचिव प्रो. अमरेश शांडिल्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एलएन. मूटा के महासचिव डॉ. नीलेश कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. डॉ. इंसान अली, एल.एन. मूटा के पूर्व महासचिव डॉ. अनिल कुमार सिंह तथा डॉ. कन्हैया जी झा, डॉ. अनिल कुमार झा, डॉ. अजयकृष्ण झा, प्रो. डॉ. प्रेम कुमार प्रसाद, डॉ. हीरानंद आचार्य, डॉ. लवकुश शर्मा, डॉ. शारदा नंद चौधरी, मो. अल्ताफुल हक़, डॉ. दयानंद मेहता, प्रो. डॉ. मो. निहाल, डॉ. कौशलेंद्र कुमार शाह, डॉ. हरेंद्र मोहन आदि उपस्थित थे। उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भावी शिक्षक संघ भवन विश्वविद्यालय के वर्तमान एवं सेवानिवृत्त शिक्षक समुदाय के सम्मान, एकजुटता और संगठनात्मक सुदृढ़ता का प्रतीक है और निश्चित रूप से यह भविष्य में शिक्षक समुदाय के लिए एक स्थायी एवं उपयोगी आधार उपलब्ध कराएगा।



