
BIHAR:- मधुबनी जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता की तिथियों में बदलाव, 01 अक्टूबर से शुरू होंगे मुकाबले
मधुबनी- 30 सितंबर। खेल विभाग बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की तिथियों में संशोधन किया गया है। उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार विगत सप्ताह हुई अत्यधिक वर्षा के कारण खेल मैदानों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। 26 सितंबर को खेल विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए नई तिथि निर्धारित की गई है।
01 से 03 अक्टूबर तक होंगे 15 खेलों के मुकाबले—
नए कार्यक्रम के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न मैदानों में किया जाएगा। इसमें कुल 15 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीन आयु वर्गों में बालक/बालिका दोनों के लिए प्रतियोगिता होगी।
कहां और कब होंगे खेल—
उच्च विद्यालय पंडौल मैदान में: एथलेटिक्स
आर.एन. कॉलेज पंडौल में: खो-खो, वॉलीबॉल और हैंडबॉल
आउटडोर स्टेडियम राजनगर में: फुटबॉल और क्रिकेट
खेल भवन-सह-व्यायामशाला मधुबनी में: कुश्ती, कबड्डी, वुशू, शतरंज, योगा और टेबल टेनिस
नगर भवन मधुबनी में: बैडमिंटन
क्रीड़ा भवन वाटसन स्कूल में: कराटे
माउंट कार्मेल पब्लिक स्कूल जयनगर में: रग्बी
अंडर-17 वर्ग के अधिकांश खेलों का आयोजन 1 अक्टूबर को, अंडर-14 वर्ग के खेल 2 अक्टूबर को और अंडर-19 वर्ग के खेल 3 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे। कुश्ती, कराटे, शतरंज, रग्बी जैसे कुछ खेलों में तीनों आयु वर्ग के मुकाबले एक ही दिन होंगे।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों को अपनी टीमों के साथ ससमय संबंधित आयोजन स्थल पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है।



