
सप्तमी को पट खुलते ही उमड़ा आस्था का सैलाब: मधुबनी के दुर्गा मंदिरों में दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें, भक्तिमय हुआ शहर
मधुबनी 17 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र में सप्तमी तिथि को जैसे ही दुर्गा मंदिरों का पट खुला, दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के गिलेशन बाजार, कोतवाली चौक, भौआरा पुरानी दुर्गा मंदिर, गंगासागर काली मंदिर परिसर, भगवती स्थान सहित सभी बड़े दुर्गा मंदिरों और पंडालों में सुबह से ही जय माता दी के जयकारे गूंजने लगे। भक्तों ने माता रानी के दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
शहर के सभी दुर्गा मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रात होते ही लाइटों की रोशनी में मंदिरों की छटा देखते ही बन रही है। फूलों की सुगंध और लाइटों की चमक से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आ रहा है।
आयोजकों ने भक्तों की सुविधा के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट और तोरण द्वार भी बनाए हैं, जहां श्रद्धालु तस्वीरें ले रहे हैं।
पंडितों ने बताया कि भागवत पुराण के अनुसार मां अत्यंत शांत, सौम्य और ममतामयी है। देवी दुर्गा अपने भक्तों को सुख-समृद्धि और शांति प्रदान करती हैं। इस दिन विशेष पूजा करने से आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
मंदिरों में विधि-विधान से आरती की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। शाम में सभी प्रमुख पंडालों में भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।


