बिहार

DARBHANGA:- दुर्गा पूजा के मद्देनजर DM और SSP ने निकाला फ्लैग मार्च, कहा- अफवाह फैलाने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

दरभंगा- 17 अक्टूबर। दुर्गा पूजा पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जल रड्डी के संयुक्त नेतृत्व में शनिवार को फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर लोहिया चौक, नीम चौक,दरभंगा टावर, कादिराबाद बाजार समिति, दिल्ली मोड़,बाघ मोड़, दरभंगा रेलवे स्टेशन,दोनार चौक,अल्लपट्टी एवं बेंता सहित दरभंगा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।

इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया तथा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च के उपरांत संवाददाताओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि आज सप्तमी का दिन है। इस अवसर पर पूजा पंडालों एवं विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवाजाही होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 450 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। सभी संबंधित स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पूजा पंडालों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा,सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं पारस्परिक सहयोग के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।

उन्होंने पूजा समितियों से विशेष रूप से अनुरोध किया कि बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। ऐसे में पूजा पंडालों में किसी भी राजनीतिक दल से संबंधित पोस्टर या बैनर नहीं लगाए जाएं। सभी पूजा समितियां आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करें ।

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

सभी पूजा पंडालों में पुलिस बल एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी चौकीदारों को तैनात किया गया है,ताकि स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अग्निशमन विभाग एवं विद्युत विभाग को भी सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा एवं विद्युत संबंधी किसी भी संभावित समस्या से तत्काल निपटा जा सके।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसएसपी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करें। इसके अतिरिक्त आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 की सेवा भी उपलब्ध है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 10 बाइक गश्ती दल गठित किए गए हैं। डायल 112 की टीमों को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके। पुलिस प्रशासन सभी प्रमुख स्थानों एवं संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर बनाए हुए है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया की निगरानी साइबर सेल द्वारा लगातार की जा रही है।

फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक,अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

फ्लैग मार्च के माध्यम से जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता के साथ दुर्गा पूजा मनाएं तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करें।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!