
दरभंगा राज की आराध्य मां रुद्रेश्वरी और मां कामेश्वरी श्यामा मंदिर का कुमार कपिलेश्वर सिंह ने किया लोकार्पण
दरभंगा, 31 अगस्त। मिथिला की सांस्कृतिक राजधानी दरभंगा में माधवेश्वर परिसर स्थित दरभंगा राज परिवार की आराध्य दो प्राचीन शक्तिपीठों श्री श्री 108 मां रुद्रेश्वरी काली मंदिर और श्री श्री 108 मां कामेश्वरी श्यामा मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य आज विधिवत सम्पन्न हो गया। लोकार्पण कुमार कपिलेश्वर सिंह, कविता कुमारी सिंह एवं कुमार अरिहंत सिंह द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद किया गया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कुमार कपिलेश्वर सिंह ने कहा कहा कि दरभंगा राज परिवार के वास्तविक योगदान को इतिहास में दबा दिया गया और एंटी पब्लिसिटी की गई कि राज परिवार ने कुछ नहीं किया। लेकिन अब शोध से सच सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में एक फोटो गैलरी बनाई जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी देख सके कि दरभंगा राज ने समाज और धर्म के लिए क्या किया है। बचपन में जिस ग्राउंड पर खेला करते थे, उसे ठीक कराकर अपने पिताजी के नाम पर फ्लड लाइट लगाने और युवाओं के लिए टूर्नामेंट आयोजित करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। बनारस सहित कई जगहों पर मंदिरों की स्थिति ठीक नहीं है। पिछले साल हमने मां तारा मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। आज रुद्रकाली और श्यामा मंदिर का कार्य पूर्ण हुआ। अभी बहुत काम बाकी है, आप सबके सहयोग की जरूरत है। सब कुछ जनता को ही समर्पित कर दिया है।
बतादें कि जीर्णोद्धार कार्य कामेश्वर धार्मिक न्यास के ट्रस्टी कुमार राजेश्वर सिंह और कुमार कपिलेश्वर सिंह के सौजन्य से कराया गया। सोमवार सुबह 10:30 बजे से 12:00 बजे तक पूजा, आरती एवं हवन का आयोजन हुआ। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे से 1:00 बजे तक आशीर्वचन सभा हुई। बता दें कि माधवेश्वर परिसर स्थित दोनों मंदिर तंत्र साधना के प्रमुख केंद्र और दरभंगा महाराज की चिताभूमि पर स्थापित माँ श्यामा मंदिर की तरह ही ऐतिहासिक महत्व रखते हैं। जीर्णोद्धार के बाद श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित दर्शन की सुविधा मिलेगी और दरभंगा के धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।



