
MADHUBANI:- घोघरडीहा में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान, मिथिलांचल संघर्ष समिति ने दिया स्वच्छता का संदेश
मधुबनी- 02 अक्टूबर। गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर मिथिलांचल संघर्ष समिति के तत्वावधान में गुरुवार को घोघरडीहा रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने किया। इस दौरान समिति के सचिव धर्मेंद्र कुमार मंडल, संयोजक शंकर झा*, सुशील कुमार कामत सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की तथा यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना था स्वच्छ भारत, और आज 02 अक्टूबर को उनके सपनों को साकार करने के लिए हम सभी को आगे आना होगा। रेलवे स्टेशन सार्वजनिक स्थल है, इसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों को जीवन में उतार कर ही हम सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। अभियान के दौरान समिति के सदस्यों ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय एवं स्टेशन के आसपास फैले कचरे को एकत्र कर साफ किया। स्थानीय लोगों ने समिति के इस पहल की सराहना की।



