
MADHUBANI:- डीआरसी के लापरवाही से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का ऋण अटका, 400 छात्रों का भविष्य अंधकार में
मधुबनी- 18 नवंबर। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत ऋण में विलम्ब को लेकर राष्ट्रीय जनता दल बिहार के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं जेपी सेनानी हनुमान प्रसाद राउत ने मुख्यमंत्री,शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के आयुक्त, जिलाधिकारी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पत्र लिखा है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि बिहार सरकार ने मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए अपने स्तर से कम ब्याज पर स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण देने की योजना वर्ष 2015-16 में लागू किया था। इस योजना से बिहार के लाखों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण कर पाये हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 जुलाई में इस योजना के तहत छात्र-छात्राओं ने उच्च शिक्षा ग्रहण करने हेतु मधुबनी DRC कार्यालय में ऋण हेतु आवेदन दिया था। जिसकी संख्या लगभग 400 है। जो DRC की लापरवाही के कारण लम्बित है। जिसके चलते छात्रों का भविष्य अंधकारमय होने जा रहा है।
श्री राउत ने कहा कि इस योजना के तहत नियमतः दो महीने में ऋण हेतु दिये गये आवेदन का निष्पादन हो जाना चाहिए था, जो छात्र-छात्राओं के आवेदन ऋण हेतु पात्र पाया जाता है, उसका ऋण स्वीकृत कर अध्ययनरत संस्थान को नवम्बर तक प्रथम किस्त का पैसा चला जाना चाहिए। परन्तु मधुबनी DRC में ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि DRC मधुबनी ने अपनी लापरवाही से उन 400 छात्रों का थर्ड पार्टी जाँच हेतु आवेदन को भेजने में काफी विलम्ब किया है। जिसके चलते 15 नवम्बर तक किसी भी छात्र का ऋण स्वीकृत नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि अगर 30 नवम्बर 2026 तक छात्रों का ऋण स्वीकृत होकर अध्ययनरत शिक्षण संस्थान को फीस की प्रथम किस्त नहीं पहुँचेगा तो दिसम्बर माह में होने वाले प्रथम सेमेस्टर परीक्षा में किसी भी छात्र को सम्मिलित नहीं होने देगा। जिससे छात्रों को अपने भविष्य को संवारना मुश्किल हो जायेगा। जिससे छात्रों को संस्थान से घर वापस आना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि अधिकतर छात्र गरीब, कमजोर वर्ग, पिछड़े, SC एवं अल्पसंख्यक क्षेत्र से आते हैं। उन्होंने उन छात्रों के भविष्य को देखते हुए अपने स्तर से पहल कर आवेदित छात्रों का ऋण स्वीकृत यथाशीघ्र कराने की मांग की है।



