बिहार

MADHUBANI:- जिले में 31,69,422 मतदाता, 21-22 नवंबर को लगेगा विशेष अभियान

मधुबनी- 18 नवंबर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसमें जिले के कुल 31,69,422 मतदाता दर्ज हैं।

समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देशानुसार सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। बैठक में मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया तथा विशेष अभियान दिवस के आयोजन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

12 नवंबर को हुआ प्रारूप का प्रकाशन—
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर ने बताया कि दिनांक 12 नवंबर 2026 को जिले की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है।

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत 12 नवंबर 2026 से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, नाम एवं अन्य प्रविष्टियों में सुधार तथा एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए दावा-आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

इन तारीखों को लगेगा विशेष अभियान—
आम नागरिकों की सुविधा एवं अधिकाधिक पात्र मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 21 एवं 22 नवंबर 2026 तथा 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन तिथियों पर सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) आवश्यक प्रपत्रों के साथ उपस्थित रहेंगे। वे मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराएंगे।

कौन सा फॉर्म भरें?
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।
-प्रपत्र-6 : नाम नहीं है तो नाम पंजीकरण के लिए।
-प्रपत्र-8: नाम, पता अथवा अन्य प्रविष्टियों में सुधार एवं स्थानांतरण के लिए।
-प्रपत्र-7 : अपात्र प्रविष्टि अथवा नाम के विलोपन के लिए दावा-आपत्ति।

विशेष पुनरीक्षण अवधि में वैसे सभी पात्र नागरिक आवेदन कर सकते हैं, जिनका अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं हुआ है। इसके अतिरिक्त वैसे भावी मतदाता भी आवेदन के पात्र होंगे, जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं अथवा आगामी 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे।
4 जनवरी को आएगी फाइनल सूची

प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों की नियमानुसार जांच एवं निष्पादन की अंतिम तिथि 28 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सदर मधुबनी दिवाकर कुमार चौधरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!