
MADHUBANI:- भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी सुख-समृद्धि, छठ घाट पर मेला सा नजारा
मधुबनी, 16 नवंबर। सूर्योपासना के चार दिवसीय छठ पूजा को लेकर व्रतियों ने निराहार रहकर शहर के गंगासागर सहित अन्य छठ घाटों पर फल, पुष्प, नैवेद्य, धूप, दीप के साथ भगवान भास्कर का पूजन कर अर्घ्य समर्पित किया। महिलाएं व्रति भगवान सूर्य का पूजन कर अर्घ्य के लिए तालाब में खड़ी रहीं।

छठ घाटों पर केला पेड़ के बीच दूधिया बल्ब व रंग-बिरंगे झालर मनोरम छटा बिखेर रहे थे। छठ के प्रति व्रतियों व उनके परिजनों में अटूट आस्था देखी गई। छठ पूजा के गीतों से छठ घाट गूंज उठा। छठ घाट तक दंडवत प्रणाम कर छठ अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी देखी गई। श्रद्धालु व्रतियों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते रहे। व्रतियों के घरों व छठ घाट पर काफी उल्लास का वातावरण देखा गया। शहर के गंगासागर तालाब घाट पर छठ करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
छठ घाट पर मेला सा नजारा देखने को मिला। रंग-बिरंगे पोशाक में बच्चों, महिलाओं और आम लोगों में भारी उत्साह देखा गया। महिलाएं, बच्चे नए पोशाक में काफी खुशनुमा माहौल में छठ घाट की शोभा बढ़ाते रहे। गाजा-बाजा के बीच छठ घाट का मनोरम वातावरण से यहां का माहौल भक्तिमय बना रहा। शास्त्रों के अनुसार भगवान भास्कर की पूजा से सभी देवता प्रसन्न होते हैं। प्रत्यक्ष देव भगवान भास्कर की पूजा से कल्याण होता है।



