
MADHUBANI:- बलिराजगढ़ में मिला शव फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का ही, SSP ने की पुष्टि
मधुबनी, 12 नवंबर। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में मैदान में मिला शव फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का ही है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि 3 नवंबर को बाबूबरही में एएसआई चंद्रमोहन सिंह द्वारा की गई फायरिंग की घटना के बाद से आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की करीब 12 टीमें लगी हुई थीं। कुछ टीमें बॉर्डर के उस पार तो कुछ टीमें राज्य के बाहर भी दबिश दे रही थीं। वहीं, एक-दो विशेष टीमें घटनास्थल के आसपास भी लगातार छानबीन कर रही थीं।
इसी दौरान विशेष टीम को सूचना मिली कि बाबूबरही के मैदान में एक डेड बॉडी पड़ी है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। FSL की टीम को भी बुलाया गया और सभी अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की।
आधार कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप और सर्विस पिस्टल से हुई पहचान—
वरीय पुलिस अधीक्षक के अनुसार, शव के पास से मिले सामानों से यह एकदम स्पष्ट हो गया कि यह शव वांछित ASI चंद्रमोहन सिंह का ही है। शव के पास से उसका आधार कार्ड मिला है, जिस पर उसका नाम लिखा है। इसके अलावा मोबाइल फोन, लैपटॉप और उसके कपड़े भी बरामद हुए हैं।
FSL की टीम ने बॉडी को पलटकर देखा तो उसका सर्विस पिस्टल भी उसके पास ही मिला। FSL टीम ने सभी सैंपल को सीज किया है। पिस्टल को भी सीज किया है। घटनास्थल से मिले सभी सैंपल पुलिस ने बरामद किए हैं।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम—
SSP ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा कराया जा रहा है। तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा वीडियोग्राफी की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जहां तक मौत के कारण का सवाल है, वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामद पिस्टल की बैलिस्टिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। FSL से तीनों रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस यह क्लियर कर पाएगी कि मौत का कारण क्या था। वहां पर क्या हुआ था।



