
MADHUBANI:- बासोपट्टी में 8 लाख से ज्यादा की ब्राउन शुगर जब्त, तस्कर गिरफ्तार
सकरी से जयनगर जा रही ब्राउन शुगर की खेप
मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ा प्रहार, 418 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर धराया,*छतौनी चौक पर STF और पुलिस की घेराबंदी, ब्राउन शुगर की खेप पकड़ी गई
मधुबनी, 16 नवंबर। मादक पदार्थों की तस्करी पर बासोपट्टी थाना पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने 418.59 ग्राम ब्राउन शुगर (मूल्य – 8,37,000 रुपये), 01 बाइक एवं नकदी के साथ 01 तस्कर को गिरफ्तार किया है।
15 नवंबर 2026 को एसटीएफ से प्राप्त सूचना के आधार पर बासोपट्टी थाना की पुलिस एवं एसटीएफ की टीम ने स्थानीय एसएसबी तथा श्वान दस्ता टीम के सहयोग से छतौनी चौक एसएच-227 पर हरलाखी की ओर जाने वाले मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के क्रम में पुलिस टीम ने एक काले रंग की हीरो स्पलेंडर प्लस बाइक पर सवार व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका, जिसकी पहचान जितेन्द्र ठाकुर के रूप में की गई।

पुलिस ने उक्त युवक की तलाशी ली। तलाशी के क्रम में थैले के अंदर कुल 04 पैकेट में 418.59 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त अभियुक्त के पास से 165 रुपये भारतीय मुद्रा भी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह उक्त ब्राउन शुगर की खेप ग्राम देवरी, थाना बेनीपट्टी निवासी मो. सलीम कुजरा को पहुंचाने जा रहा था।तस्करी के इस नेटवर्क में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



