
लखनऊ में ई-रिक्शा की धरपकड़ के लिए मेट्रो रूट पर तैनात होंगी टीमें
लखनऊ- 14 मई। परिवहन विभाग ने राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित रूटों पर चलने वाले ई-रिक्शा की धरपकड़ की तैयारियां तेजी से शुरू कर दी है। इसके लिए छह टीमें बनाई जा रही हैं। ये टीमें मेट्रो रूट पर तैनात की जाएंगी।
राजधानी लखनऊ के 10 प्रमुख रूटों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित होने के बाद भी दौड़ते दिख रहे हैं। आलम यह है कि पुलिस कमिश्नर के आदेश को भी ई-रिक्शा मालिकों ने नजरअंदाज कर दिया है। शनिवार को शहर के कैसरबाग से लेकर पॉलीटेक्निक चौराहा और चारबाग से आलमबाग के बीच ई-रिक्शा का संचालन जारी रहा। इससे शहर के कई इलाकों में जाम की स्थिति बनी रही। रिक्शा चालकों की मनमानी से निपटने के लिए पुलिस, ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संदीप कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित रूटों पर चलने वाले ई-रिक्शा को पकड़कर बंद करने के लिए तेजी से तैयारियां चल रही हैं। इसके लिए छह टीमें बनाई जा रही हैं। ये टीमें हजरतगंज, महानगर, चारबाग, पॉलीटेक्निक, आलमबाग और मुंशी पुलिया पर तैनात की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि धरपकड़ अभियान के दौरान बिना नम्बर के चलने वाले ई-रिक्शा को जब्त किया जाएगा, जबकि नम्बर वाले ई-रिक्शा का चालान काटा जाएगा। इसके बावजूद ई-रिक्शा प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ते मिले तो धरपकड़ करते हुए यार्ड में बंद करने की कार्रवाई भी की जाएगी।



