
MADHUBANI:- भूमि विवाद में चाचा की गोली मारकर हत्या, भतीजा फरार
मधुबनी, 17 अक्टूबर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में एक भतीजे ने अपने सगे चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। उक्त घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कमलाबारी गोठ टोल की है। मृतक की पहचान रामचंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी भतीजा रामसेवक सिंह बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जमीन विवाद में चाचा-भतीजा में विवाद हुआ, जहां आरोपी भतीजा रामसेवक सिंह अचानक अपने घर से पिस्टल निकालकर आया और अपने चाचा पर सीधे गोली चला दी। गोली लगते ही रामचंद्र सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो कर गिर पड़े। परिजनों ने स्थानीय लोगों के मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडल अस्पताल जयनगर ले गये। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी रेफर कर दिया। परंतु सदर अस्पताल मधुबनी में इलाज के दौरान रामचंद्र सिंह (60) की मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



