भारत

दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से निकालेंगे ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’, कहा- ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, राम मंदिर ट्रस्ट का पुनर्गठन कर बनाया जाए ‘रामालय ट्रस्ट

भोपाल/इंदौर- 17 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके त्यागपत्र की मांग की है। साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट में परिवर्तन कर ‘रामालय ट्रस्ट’ का गठन करने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न पीठों के शंकराचार्य, रामानंद संप्रदाय के संत, निर्मोही अखाड़े और गोरखनाथ मठ के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए।

उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि वे विजयादशमी पर 20 अक्टूबर से उज्जैन के महाकाल मंदिर से अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ प्रारंभ करेंगे। लगभग 930 किलोमीटर की यह जन-जागरण यात्रा ओरछा स्थित रामराजा मंदिर से होते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से गुजरकर अयोध्या पहुँचेगी। इस शांतिपूर्ण यात्रा का ध्येय वाक्य ‘यतो धर्मस्ततो जय:’ (जहाँ धर्म, सत्य और न्याय है, वहाँ विजय है) होगा। यात्रा का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा, धार्मिक आस्था में पारदर्शिता और जन-सामान्य के अधिकारों की सुरक्षा है।

उन्होंने चुनाव आयोग एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके त्यागपत्र की मांग की। मतदाता सूची निर्माण की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और राजनीतिक दलों को सूची की उपयोगी अंकीय (डिजिटल) प्रति उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को भंग कर ‘रामालय ट्रस्ट’ का गठन करने और इसमें विभिन्न पीठों के शंकराचार्य, रामानंद संप्रदाय के संत, निर्मोही अखाड़ा व गोरखनाथ मठ के प्रतिनिधियों को सम्मिलित करने के साथ राजनेताओं को दूर रखने की मांग की। इसके साथ ही चढ़ावे और संपत्तियों की जांच की मांग करते हुए महाकाल, रामराजा और श्रीराम जन्मभूमि सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों में दान-चढ़ावे, आय-व्यय और भूमि के लेन-देन की निष्पक्ष जांच व नियमित स्वतंत्र लेखा-परीक्षण (ऑडिट) कराए जाने पर जोर दिया।

सिंह ने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी प्रकरण में वीआईपी संबंधी आरोपों की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने और पीड़िता के परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने की सरकार से मांग की। उन्होंने बताया कि यात्रा के शुभारंभ दिवस पर 20 अक्टूबर को प्रात: 8 बजे उज्जैन के बालाजी गार्डन में जन-कल्याण की कामना से पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम किया जाएगा। यह यात्रा उज्जैन से प्रारंभ होकर तराना, शाजापुर, सारंगपुर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर, चंदेरी, तालबेहट, ओरछा, चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात और बाराबंकी होते हुए अयोध्या पहुँचेगी। यात्रा में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ पाँच रंगों वाला धर्म ध्वज भी सम्मिलित रहेगा। यात्रा सुबह 8 बजे से शुरू होकर 9 किमी. के बाद भोजन के लिए विश्राम होगा तथा 3 बजे से चालू होकर 6 किमी. के साथ रोज 15 किलोमीटर चलेगी।

इस दौरान उनके साथ इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, के.के. मिश्रा, सुरजीत सिंह चड्ढा, अमित चौरसिया और नीलाभ शुक्ला सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!