
मधुबनी में बेसहारा बुजुर्गों को मिलेगा अपना घर, 50 बेड के वृद्धाश्रम का शिलान्यास 30 को
मधुबनी – 17 अक्टूबर। जिले में बेसहारा और उपेक्षित बुजुर्गों के लिए एक अच्छी खबर है। कलुआही प्रखंड के हरिपुर बरखी टोल में 50 बेड वाले माँ रुक्मणी वृद्धाश्रम का भूमिपूजन 30 अक्टूबर को होगा। यह वृद्धाश्रम हरिपुर स्थित मनसा देवी मंदिर परिसर के निकट बनाया जा रहा है। ट्रस्ट के अनुसार भूमिपूजन 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा।
माँ रुक्मणी वृद्धाश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष मोद नारायण झा, सचिव मनीष मिश्रा, जयचन्द्र झा, विनोद झा और गोपाल मिश्रा ने संयुक्त रूप से बताया कि यह आश्रम पूरी तरह सेवा भाव से संचालित होगा।
यहां रहने वाले बुजुर्गों के लिए भोजन, आवास, स्वास्थ्य जांच, दवा, वस्त्र और मनोरंजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। 24 घंटे सेवाकर्मी तैनात रहेंगे ताकि किसी भी बुजुर्ग को अकेलापन महसूस न हो। अध्यक्ष मोद नारायण झा ने कहा कि आज कई बुजुर्ग अपने ही घर में उपेक्षित हैं। हमारा प्रयास है कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिले। यह आश्रम उन्हीं के लिए समर्पित है।
ट्रस्ट ने बताया कि भूमिपूजन के तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और जल्द ही इसे जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।



