
अमेरिका के ह्यूस्टन में गोलीबारी में हमलावर समेत 4 की मौत, 2 जख्मी
ह्यूस्टन- 29 अगस्त। अमेरिका में ह्यूस्टन में गोलीबारी में हमलावर समेत चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार ह्युस्टन के एक अपार्टमेंट से निकाले गए एक व्यक्ति ने पांच अन्य किराएदारों पर गोली चला दी, जिससे उनमें से तीन की मौत हो गई। आरोपित व्यक्ति ने उक्त किराएदारों को घर से निकालने के लिए मकान में आग लगा दी थी।
पुलिस प्रमुख ट्रॉय फिनर ने कहा कि यह घटना शनिवार देर रात करीब 1 बजे दक्षिण-पश्चिम ह्यूस्टन के एक मिश्रित औद्योगिक-आवासीय इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस और दमकल कर्मी आग लगने की सूचना के बाद अपार्टमेंट पहुंचे।
फिनर ने कहा कि बंदूकधारी ने घर से बाहर निकलते ही अन्य किराएदारों पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि उनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दमकल टीम ने दो अन्य घायलों को बचाया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
फिनर ने कहा कि जब दमकलकर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे थे तब बंदूकधारी व्यक्ति ने गोलीबारी की, जिससे पुलिस अधिकारियों ने खुद को बचाते हुए उसे मार गिराया।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान जारी नहीं की गई है और घटना में कोई दमकलकर्मी या अधिकारी घायल नहीं हुआ है।



