
नेपाल में गंडक क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री ने की बैठक
पटना, 27 अगस्त। नेपाल में गंडक नदी क्षेत्र में आए फ्लैश फ्लड के बाद बिहार में बाढ़ की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विभाग के अधिकारी के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की।
विभाग ने बाढ़ संभावित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में बोट एम्बुलेंस, 24 घंटे 102 एम्बुलेंस सेवा और राहत शिविरों के पास मेडिकल कैंप की व्यवस्था रहेगी। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर ली गई है, ताकि आपात स्थिति में उन्हें समय पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।
संभावित बाढ़ वाले इलाकों में 60 प्रकार की आवश्यक दवाओं और टीकों का पर्याप्त भंडार रखा गया है। इनमें सर्पदंश की दवा, एंटी-रेबीज वैक्सीन, ओआरएस समेत अन्य जीवनरक्षक दवाएं शामिल हैं। बाढ़ के बाद डायरिया, मलेरिया, डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों को रोकने के लिए साफ-सफाई, दवा छिड़काव और नियमित स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि विभाग पूरी तरह तैयार है। स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें।



