
BIHAR:- समस्तीपुर में DCLR दो लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार, आवास से 13 लाख नकद बरामद होने का दावा
समस्तीपुर/रोसड़ा- 27 अगस्त। बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा अनुमंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए DCLR कंचन कुमारी झा को 2 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक विभूतिपुर निवासी मनोज कुमार महतो का जमीन विवाद का मामला DCLR कोर्ट में लंबित था। आरोप है कि मामले को पक्ष में करने के लिए DCLR ने 2 लाख रुपये नकद और एक वॉशिंग मशीन की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पहले मामले का सत्यापन कराया और कोर्ट से सर्च वारंट लेकर गुरुवार सुबह ट्रैप बिछाया।
सरकारी आवास पर रिश्वत की रकम लेते ही टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवास की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 13 लाख रुपये नकद बरामद होने की चर्चा है। निगरानी विभाग दस्तावेजों, बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े कागजातों की जांच कर रहा है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कंचन कुमारी झा मूल रूप से मधुबनी जिले की निवासी हैं। करीब डेढ़ साल से रोसड़ा DCLR के पद पर तैनात हैं।



