
BIHAR:- मधेपुरा में फर्जी पत्रकार गिरफ्तार, IDEACITI NEWS के नाम पर चल रहा था फर्जीवाड़ा
मधेपुरा – 28 अगस्त। फर्जी प्रेस आईडी कार्ड और दस्तावेज के आधार पर खुद को पत्रकार बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक युवक को मधेपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकरपुर थाना क्षेत्र के रायभीड़ वार्ड नंबर-09 निवासी प्रिंस कुमार, पिता परमेश्वरो दास के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार खुद को IDEACITI NEWS NETWORK (An Electronic Media Network) का पत्रकार बताकर आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर अनुचित दबाव बनाता था। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने उसके प्रेस आईडी कार्ड का सत्यापन चैनल के संपादक-प्रकाशक से कराया। चैनल की ओर से स्पष्ट बताया गया कि यह आईडी कार्ड उनके संस्थान द्वारा जारी नहीं किया गया है। प्रिंस कुमार का वर्तमान में चैनल से कोई संबंध नहीं है।
इसके बाद जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO), मधेपुरा से भी सत्यापन कराया गया, जहां उसके पत्रकार होने की वैध अनुज्ञप्ति को खारिज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से कूटरचित प्रेस आईडी के जरिए खुद को पत्रकार बता रहा था। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



