
CM सम्राट चौधरी से मिले संस्कृत बोर्ड के अध्यक्ष, शिक्षकों के लंबित वेतन पर मिला आश्वासन
पटना- 28 अगस्त। बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान संस्कृत शिक्षा के विस्तार,बोर्ड की उपलब्धियों और शिक्षकों के लंबित वेतन सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान संस्कृत शिक्षकों के लंबे समय से लंबित वेतन का मुद्दा भी उठा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आश्वासन दिया कि 05 सितंबर तक शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने सीएम को संस्कृत दिवस और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मिथिला की परंपरा के प्रतीक मखान की माला, पाग और मिथिला पेंटिंग से बना वस्त्र भेंट किया और रक्षा सूत्र बांधकर संस्कृत, संस्कृति और संस्कारों की रक्षा का संकल्प दिलाया। श्री झा ने बताया कि बोर्ड के प्रयासों से मध्यमा परीक्षा में छात्रों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। साल 2025 की तुलना में 2026 में लगभग दोगुने छात्रों ने परीक्षा दी है, जो संस्कृत के प्रति बढ़ते भरोसे को दिखाता है। समय पर रिजल्ट और पूरक परीक्षा जैसे सुधारों की जानकारी भी उन्होंने सीएम को दी।
बैठक में संस्कृत को स्कूलों से निकालकर जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘संस्कृत संस्कृति संस्कार यात्रा’ निकालने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृत को आम लोगों से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए। बोर्ड को सरकार की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा भी दिया। अध्यक्ष ने कहा कि सीएम के आश्वासन से शिक्षकों और छात्रों में नई उम्मीद जगी है।



