
MADHUBANI:- रामपट्टी मंडल कारा में रौशन यादव की मौत पर तेजस्वी यादव का बड़ा हमला, कहा- मिथिलांचल में अपराध बेलगाम, सरकार फेल
मधुबनी- 20 अगस्त। मधुबनी के रामपट्टी मंडल कारा के बंदी रौशन यादव की मौत के मामले में राजद नेता सह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव गुरुवार को मधुबनी पहुंचे। यहां जिला अतिथिगृह में उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि रौशन यादव के परिवार के लोगों से बातचीत में पता चला कि प्रशासन के लोगों ने रौशन और अन्य लोगों को एक हफ्ते तक हिरासत में रखा था। उन्होंने कहा कि हम लगातार परिवार के संपर्क में हैं। अब्दुल बारी सिद्दीकी के नेतृत्व में पहले भी लोग आए थे और आज हम सब लोग यहां परिवार से मिलने आए हैं।
खासकर रौशन यादव के बहन से भी बात की गई है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब से मधुबनी सहित पूरे मिथिलांचल में राज कमजोर हुआ है, अपराध बेलगाम हो गया है। मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस पूरी तरह विफल है। उन्होंने रौशन यादव की मौत की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। रौशन यादव के परिजनों से मुलाकात के बाद पार्टी की ओर से 1.5 लाख रुपये आर्थिक मदद देने का ऐलान करते हुए कहा कि रौशन यादव के परिजनों को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए राजद पूरी तरह तैयार है। उन्होने कहा कि जांच के लिए मानव अधिकार आयोग का पत्र लिखेंगे तथा पुरे मामले की सही जांच के लिए बिहार के डीजीपी से भी मुलाकत करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी के साथ राज्य सभा सदस्य डा. फैयाज अहमद,संजय यादव,पूर्व मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी,पूर्व मंत्री समीर कुमार महासेठ, राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल,विधायक आसिफ अहमद,पूर्व विधायक ललित यादव,भोला यादव,शक्ति यादव,विष्णुदेव सिंह यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।



