बिहार

बिहार छात्र आंदोलन खत्म, शिक्षा विभाग और छात्रों के बीच 10 बिंदुओं पर बनी सहमति

पटना, 27 अगस्त। सचिव, शिक्षा विभाग बिहार की अध्यक्षता में गुरुवार को छात्र प्रतिनिधि मंडल के साथ हुई वार्ता में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। बैठक में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। साथ ही, इस विषय से संबंधित विभागीय पत्रांक-162/गो. दिनांक 24.08.2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में EOU के IG, विशेष सचिव शिक्षा, DM पटना और SSP पटना मौजूद थे।

बैठक की कार्यवाही के अनुसार 10 बिंदुओं पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। छात्रों की सिंगल परीक्षा वाली मांग को स्वीकार कर लिया गया है। अब TRE-4 में एकल परीक्षा का आयोजन होगा और एक अभ्यर्थी, एक परिणाम के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी। 70वीं BPSC में पारदर्शिता, बिहार कर्मचारी चयन आयोग की सभी परीक्षाओं को समय पर लेने, 1799 दरोगा बहाली परीक्षा की जांच और सहायक प्राध्यापक से पहले BET (बिहार पात्रता परीक्षा) लागू करने की मांग पर निर्णय लिया गया कि परीक्षा सुधार के लिए उच्च न्यायालय पटना के न्यायाधीश की अध्यक्षता में बनने वाली कमेटी के सामने छात्र साक्ष्य सहित अपना पक्ष रखेंगे। कमेटी के निर्णय के अनुसार कार्रवाई होगी।

1799 दरोगा बहाली की आगे की प्रक्रिया भी कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही होगी। BSSC जल्द कैलेंडर जारी करेगा। रिक्ति के अनुरूप पुस्तकालयाध्यक्ष की बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया। भर्ती में संविदा कर्मियों को अंक और वेटेज देने की जगह अलग कोटा निर्धारित करने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाकर सरकार के प्रावधानों के आलोक में विचार किया जाएगा।

बिहार की सभी भर्तियों में अधिकतम डोमिसाइल नीति लागू करने के संबंध में न्यायविद से परामर्श लेकर नियमानुकूल कार्रवाई की जाएगी। भर्ती प्रक्रियाओं में अधिकतम उम्र सीमा के संबंध में कमेटी में प्रस्ताव विचार के लिए रखा जाएगा, इस पर सहमति बनी। भर्ती प्रक्रियाओं का कैलेंडर जारी होने और उसका सख्ती से अनुपालन होने की मांग पर भी सम्मति व्यक्त की गई।

सरकार द्वारा BPSC की तर्ज पर आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं में प्रश्न पत्र, OMR शीट और उत्तर पुस्तिका की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्च न्यायालय पटना के न्यायाधीश की अध्यक्षता में बनने वाली कमेटी के समक्ष प्रस्ताव लाने पर सहमति बनी। BPSC द्वारा आयोजित AEO, सेनेटरी आदि परीक्षा के पेपर लीक की निष्पक्ष जांच के लिए EOU द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!