
तांती-ततवा जाति को आरक्षण मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन : राष्ट्रीय महासचिव
मधुबनी-21 जून। इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी के तत्वावधान में सम्मान समारोह सह कार्यालय उद्घाटन समारोह का आयोजन चकदह किया गया। जिलाध्यक्ष शिवनाथ कुमार दास की अध्यक्षता में बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव राम अधीन दास ने कहा कि तांती-ततवा जाति को ‘पान’ जाति का उपजाति मानते हुए उन्हें फिर से अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखा जाएगा।
बिहार सरकार ने 2015 में सामाजिक अध्ययन के आधार पर तांती-ततवा जाति को ‘पान’ जाति में शामिल करके अनुसूचित जाति का दर्जा और आरक्षण देने का फैसला किया था। साल 2024 से तांती-ततवा समाज को अनुसूचित जाति का लाभ मिलना बंद हो गया। प्रदेश चुनाव कार्य समिति अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि ताती-पान समाज के राजनीतिक अधिकारों और आरक्षण की लड़ाई जारी रखी जाएगी। आजादी के इतने सालों बाद भी इस समाज को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
युवा प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार ने कहा कि वंचित और हाशिए पर मौजूद समुदायों, विशेष रूप से पान जाति को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय दिलाने के हरसंभव कोशिश की जाएगी।जिलाध्यक्ष शिवनाथ कुमार दास ने कहा कि ताती-पान समाज को आरक्षण दिलाने के साथ पार्टी का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करना, युवाओं को सशक्त बनाना, बेरोजगारी कमत करना और राज्य में समान विकास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम को विधायक प्रतिनिधि मो. इमरान खान, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विभा कुमारी, महादेव दास, खुशी लाल दास, जगदीश दास, मुनींद्र दास, प्रो. धर्मेंद्र दास सहित अन्य ने संबोधित किया।



