
MADHUBANI: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 का ऐतिहासिक गुलटेनी पोखर अतिक्रमण की भेंट चढ़ा, अंचल प्रशासन बना अनजान
मधुबनी- 10 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 का ऐतिहासिक चकदह गुलटेनी पोखर अब अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। चारों तरफ हो रहे अवैध निर्माण ने इस प्राकृतिक जलस्रोत को निगलना शुरू कर दिया है, लेकिन रहिका अंचल प्रशासन की नींद अब तक नहीं टूटी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कभी यह पोखर पूरे मोहल्ले की जीवन रेखा था। लोग इसी के पानी पर निर्भर थे, लेकिन अब पोखर सिमट कर नाला बनता जा रहा है।
पोखर के किनारे मिट्टी भरकर झोपड़ियां और पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। जलभराव क्षेत्र घटने से बरसात में पूरे वार्ड में भीषण जलजमाव होता है। कचरा फेंकने से पानी पूरी तरह दूषित हो चुका है। वार्ड वासियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार जिला प्रशासन और रहिका अंचल को आवेदन दिया गया, लेकिन आज तक कोई पैमाइश तक नहीं हुई। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
लोगों ने रहिका के सीओ से मांग की है कि जल्द से जल्द पोखर की पैमाइश कराकर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और इसके सौंदर्यीकरण की योजना बनाई जाए। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह ऐतिहासिक पोखर हमेशा के लिए नक्शे से गायब हो जाएगा।



