
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पटना में बाढ़ पीड़ितों से की मुलाकात, राहत शिविरों का लिया जायजा
पटना- 10 सितंबर। गंगा के बढ़ते जलस्तर के बाद पटना में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने गुरुवार को बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ग्राउंड पर उतरे। उन्होंने दीघा घाट, कुर्जी घाट, जेपी गंगा पथ और बिंद टोली के राहत शिविरों का दौरा किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि बिंद टोली शिविर में 3000 लोग और दीघा घाट शिविर में 2500 लोग रह रहे हैं। शिविरों में सामूहिक रसोईघर चल रहा है, जहां खाने की गुणवत्ता खुद अध्यक्ष ने चेक की। बच्चों की पढ़ाई न रुके, इसके लिए शिविर में ही अस्थायी स्कूल शुरू किए गए हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि बाढ़ क्षेत्रों में त्वचा रोग और वायरल बुखार के केस आ रहे हैं। इसके लिए हर शिविर में डॉक्टर, दवाइयां और एम्बुलेंस की व्यवस्था है। साफ-सफाई पर विशेष फोकस है। डॉ. प्रेम कुमार ने पशु शेल्टर का भी निरीक्षण किया। वहां गायों को खुद चारा खिलाया। उन्होंने कहा कि आपदा में सिर्फ मानव नहीं,पशुधन की रक्षा भी हमारी प्राथमिकता है। पशुओं के लिए चारा, पानी और पशु चिकित्सक तैनात हैं।
अध्यक्ष ने पटना के DM कुंदन कुमार से फोन पर बात कर व्यवस्था पर संतोष जताया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में सुविधाओं की लगातार निगरानी हो। इस दौरान दीघा विधायक संजीव चौरसिया के प्रतिनिधि, बख्तियारपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष जितेंद्र जी और कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



