
MADHUBANI:- स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए शिक्षकों को विशेष अवकाश का आदेश
मधुबनी – 22 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक और दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए मतदान की तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इसे लेकर सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार ने अधिसूचना संख्या-18472 दिनांक 07.10.2026 द्वारा संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया है।
सामान्य प्रशासन विभाग बिहार सरकार के अधिसूचना के आलोक में जिला शिक्षा विभाग मधुबनी ने पत्रांक-5897 दिनांक 22 अक्टूबर 2026 के द्वारा आदेश जारी किया है कि मतदान के दिन 23 अक्टूबर को मधुबनी जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत जो शिक्षक मतदाता हैं, उनके मतदान में भाग लेने से विद्यालयों का शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो सकता है। ऐसी स्थिति में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रखंड के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों में से कितने मतदाता हैं, इसका आकलन करें, यदि किसी विद्यालय के सभी शिक्षक मतदान में चले जाते हैं, तो उस विद्यालय के बच्चों को नजदीक के विद्यालय में टैग कर शैक्षणिक कार्य जारी रखना सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में विद्यालय का शैक्षणिक कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।



