
MADHUBANI: सकरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख से अधिक के ब्राउन शुगर के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी, 14 नवंबर। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सकरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 524 ग्राम ब्राउन शुगर (मूल्य- 10,48,000 रुपये) के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
14 नवंबर की सुबह सकरी थाना को गश्ती के क्रम में गुप्त सूचना मिली कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर की ओर जा रही बस में सवार एक व्यक्ति अपने बैग में मादक पदार्थ लेकर आ रहा है।
सूचना पर सकरी थाना की पुलिस टीम ने सकरी NH-27 मस्जिद कट के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के क्रम में सिलीगुड़ी की ओर से आ रही बस को रुकवाया गया, जिसमें से एक व्यक्ति पुलिस बल को देखकर बस से उतरने लगा। जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पश्चिम बंगाल के इयर मोहम्मद के रूप में की गई। तलाशी के क्रम में उसके बैग के अंदर से 05 छोटे पैकेट में रखा कुल 524 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ एवं बैग को विधिवत जब्त कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस संदर्भ में सकरी थाना में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। तस्करी के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।



