
SIWAN;- 56.980 ग्राम स्मैक के साथ पांच गिरफ्तार, 85 हजार रुपये बरामद
सीवान- 03 अक्टूबर। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत मुफ्फसिल और मैरवा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 56.980 ग्राम स्मैक बरामद किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 50 ग्राम स्मैक के साथ चार लोगों को पकड़ा गया, जबकि मैरवा थाना क्षेत्र में 6.980 ग्राम स्मैक की 22 पुड़िया के साथ एक आरोपित गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुफ्फसिल थाना पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि ललित बस स्टैंड, खुर्माबाद स्थित पुरानी भट्ठी के पीछे स्मैक की खरीद-बिक्री के लिए कुछ लोग पहुंचे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देखकर दो व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान रौशन कुशवाहा, निवासी मैरवा श्रीनगर और राम विनोद राम, निवासी कहला विशुनपुरा, थाना बरौली, गोपालगंज के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान रौशन कुशवाहा के पास से काले पॉलीथीन में रखा 50 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ और मोबाइल बरामद हुआ। वहीं राम विनोद राम के पास से 85 हजार रुपये और मोबाइल बरामद किये गये। पुलिस का कहना है कि राम विनोद उक्त राशि से स्मैक खरीदने आया था। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने स्मैक की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने के आरोप में अमित सिंह और निखिल कुमार, दोनों निवासी छोटका माझा, मैरवा को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अमित और निखिल ने रौशन को स्मैक उपलब्ध करायी थी। इधर, मैरवा थाना पुलिस ने भी 2 अक्टूबर को मिसकरही गांव में छापेमारी कर 6.980 ग्राम स्मैक बरामद की। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर राजू अली के घर पर छापेमारी की गयी। पुलिस टीम को देखकर कमरे में मौजूद राजू अली ने हाथ में रखी पीले रंग की प्लास्टिक थैली बेड पर फेंककर भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी में थैली से सफेद कागज में रखी 22 पुड़िया में 6.980 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार राजू अली का पूर्व में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।



