भारत

पश्चिम बंगाल में NIA की कार्रवाई: भांगर विस्फोट मामले में पूर्व तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला फरार घोषित

कोलकाता- 05 जून। पश्चिम बंगाल के भांगर विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक शौकत मोल्ला को फरार घोषित कर दिया है। एनआईए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी लगातार तलाशी अभियान चला रही है और आरोपित का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के भूमिगत होने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, उनके द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सभी तीन मोबाइल फोन बंद हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है।

एनआईए ने इस मामले में सभी संबंधित जानकारियां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य एजेंसियों के साथ साझा कर दी हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आरोपित किसी भी स्थिति में देश की सीमा पार न कर सके।

एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि शौकत मोल्ला को फरार घोषित कर दिया गया है और सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्हें पकड़ने के लिए आवश्यक सूचनाएं साझा की गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि मोल्ला अपने किसी रिश्तेदार के घर छिपे हो सकते हैं। इस आधार पर कई टीमें लगातार तलाशी और सत्यापन अभियान चला रही हैं।

गौरतलब है कि, गुरुवार को एनआईए ने शौकत मोल्ला के आवास, पार्टी कार्यालय और अन्य कई स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिससे मामले में अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या तीन हो गई है।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सईनुर मोल्ला के रूप में हुई है, जो उस वाहन का चालक है, जिसका उपयोग कथित रूप से विस्फोटक बनाने वालों को ले जाने में किया गया था।

एनआईए के अनुसार, दक्षिण 24 परगना जिले के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को हुए देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।

जांच एजेंसी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान मदरसा, आसपास के इलाकों और जंगलों में भी सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अब तक शौकत मोल्ला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि वह बांग्लादेश फरार हो गए हैं। इसी वजह से उनकी सारी जानकारी बीएसएफ के साथ साझा की गई है।-

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button