
विश्व संगीत दिवस पर 21 जून को नगर भवन में होगा सांस्कृतिक महोत्सव : मंजरी मिश्रा
मधुबनी- 11 जून। विश्व संगीत दिवस पर 21 जून को जन जागरण युवा समिति द्वारा संचालित जागरण संगीत कला महाविद्यालय के 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती पर सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन स्थानीय
नगर भवन में किया जाएगा। इसको लेकर डा. शिव नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए संस्था की सचिव मंजरी मिश्रा ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में नवोदित और पुराने कलाकारों को प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। सांस्कृतिक महोत्सव में चित्रकला प्रतियोगिता,चित्रकला प्रदर्शनी,शास्त्रीय संगीत,सुगम संगीत,लोकगीत, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य,एकल अभिनय,मिमिक्री,नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। जागरण संगीत कला महाविद्यालय से डिग्री प्राप्त सरकारी विद्यालय में चयनित संगीत शिक्षक बने करीब 25 संगीत शिक्षक को ‘संगीत गुरु सम्मान’ पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। संस्था से जुड़े पुराने-नए नाट्य कलाकार को नाट्य कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालो को नाट्य साधक सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में बिरजू कुमार मिश्रा,मनोज राम आजाद, विक्रांत कुमार,मृत्युंजय साह,मनोज झा हर्ष,मनजीत गुप्ता,दीपक शर्मा,सूर्य भूषण,किरण कुमारी,सोनी कुमारी सहित अन्य ने भाग लिया।



