
NCC चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच : कर्नल नितिन झा
मधुबनी, 10 जून। 34 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा शहर के रांटी के जवाहर नवोदय विद्यालय में दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-IV) बुधवार को संपन्न हो गया। 01 से 10 जून तक इस शिविर में 23 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के करीब 500 कैडेटों ने भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, मुजफ्फरपुर के निर्देशानुसार थल सैनिक कैंप (TSC) हेतु योग्य कैडेटों का चयन, प्रशिक्षण एवं ग्रुप टीम का गठन करना था। शिविर के दौरान कैडेटों को .22 राइफल एवं 5.56 मिमी इंसास राइफल का प्रशिक्षण, फायरिंग का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त आपदा प्रबंधन, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट (FCBC), टेंट पिचिंग,ऑब्स्टेकल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता,भारत-पाक युद्ध, युद्ध नायकों, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया जागरूकता,मनोबल एवं प्रेरणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए।शिविर में कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास एवं अनुशासन विकसित करने पर विशेष बल दिया गया। कैडेटों ने शिविर में उत्साह, समर्पण,अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कैम्प कमांडेंट कर्नल नितिन झा ने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कैडेटों को शिविर में प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को अपने जीवन में अपनाने, राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कर्नल नितिन झा ने जवाहर नवोदय विद्यालय, रांटी के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार महतो को सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्राचार्य की सकारात्मक सोच, कैडेटों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग की सराहना की। कैम्प कमांडेंट ने सभी एएनओ, सीटीओ, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ एवं सहयोगी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कैम्प कमांडेंट की धर्मपत्नी, रीना झा ने बालिका कैडेटों का उत्साहवर्धन किया।



