
MADHUBANI:- भवानीपुर उगना धाम: 14.69 करोड़ मंजूर, 100 दुकानदार 1.5 साल से बेरोजगार, कैसे होगा पर्यटन विकास
मधुबनी- 22 सितंबर। मिथिला की आस्था के केंद्र श्री श्री 108 उग्रनाथ महादेव मंदिर, भवानीपुर के समग्र विकास के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग ने 14 करोड़ 69 लाख 8 हजार की राशि स्वीकृत की लेकिन स्वीकृत योजना में मंदिर से जुड़े 5 सबसे जरूरी काम ही शामिल नहीं हैं।इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।उगना महादेव मंदिर न्यास समिति के सदस्य जीवछ यादव ने बताया कि पर्यटन विभाग के उप सचिव के पत्र में मुख्य मंदिर, पार्किंग, तालाब सौंदर्यीकरण का जिक्र है, लेकिन संवेदक से मिले नक्शे में इन 5 कामों के लिए कोई बजट ही नहीं है। उन्होंने बताया कि लगभग 150 दुकानों वाला नया मार्केट कॉम्प्लेक्स, लगभग 1100 फीट चाहरदीवारी का निर्माण, दुलारी पोखर के चारों ओर घाट निर्माण व सौंदर्यीकरण, जलनिकासी के लिए लगभग 2500 फीट पक्का नाला और श्रद्धालुओं के लिए विवाह भवन का जिक्र नहीं है।
100 दुकानदार 1.5 साल से बेरोजगार—
उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देश पर डेढ़ साल पहले ही पुराना मार्केट कॉम्प्लेक्स हटा दिया गया था। 100 से अधिक दुकानदारों ने दुकानें खाली कर दीं, लेकिन आज तक नए कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू नहीं हुआ। विभाग ने इसके लिए राशि आवंटित नहीं किए जाने की बात बताई जा रही है। 18 जुलाई 2025 को पर्यटन सचिव ने उगना महादेव मंदिर का स्थल निरीक्षण किया था, तब भी समिति ने इन 5 कामों की मांग रखी थी। सकारात्मक आश्वासन मिला था। उगना महादेव मंदिर मिथिला का प्रमुख धार्मिक-सांस्कृतिक केंद्र है। ये 5 काम पूरे होने से ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी। सरकार की धार्मिक पर्यटन की परिकल्पना साकार होगी।



