
मधुबनी ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का अविलंब शुभारंभ हो, नहीं तो धरना और फिर हाईकोर्ट जाएंगे: इं. गौरीशंकर यादव
मधुबनी- 23 सितंबर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष (कार्यक्रम प्रकोष्ठ) सह मिथिलांचल संघर्ष समिति के अध्यक्ष इं. गौरीशंकर यादव ने कहा है कि मधुबनी शहर के गंगासागर चौक स्थित वाहन ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का अविलंब शुभारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अफसरशाही का बेजोड़ नमूना है। सरकार कह रही है कि 32 जिलों में ट्रैक बनकर तैयार है, जिसमें मधुबनी का नाम भी शामिल है। एक समाचार पत्र में 22 सितंबर को प्रकाशित रिपोर्ट में भी इसका जिक्र है। फाइल में ट्रैक तैयार दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीन पर दो साल से इसे बदहाल छोड़ दिया गया है।
इं. यादव ने कहा कि गंगासागर चौक स्थित ट्रैक पर 69 लाख और चहारदीवारी पर 1 करोड़, कुल 1.69 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। बिना जमीन की जांच और बिना NOC के ही राशि खर्च कर दी गई। जमीन राज दरभंगा और पथ परिवहन निगम के बीच विवादित बताई जा रही है, इसलिए परिवहन विभाग हैंडओवर नहीं ले रहा है। अपनी गलती छुपाने के लिए स्थानीय स्तर पर कमेटी बनाकर इसे ‘अनुपयोगी’ बता दिया गया और अब पंडौल सीओ को नई जमीन खोजने का निर्देश दे दिया गया है। यह 1.69 करोड़ पर पर्दा डालने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि आज यह ट्रैक असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है। अंदर शराब की बोतलें, गंदगी और जुआरियों का जमावड़ा लगा रहता है। जबकि सरकार कह रही है कि नए ट्रैक से लाइसेंस प्रणाली पारदर्शी होगी। इं. गौरीशंकर यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द गंगासागर चौक स्थित ट्रैक को चालू नहीं किया गया तो पहले समाहरणालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और उसके बाद इस पूरे मामले को पटना हाईकोर्ट में ले जाया जाएगा। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।



