
मधुबनी में 40 लाख की चांदी जब्त, दो दुकानदार रिहा, बॉन्ड पर छोड़ा, अब आयकर विभाग करेगा जांच
मधुबनी- 23 सितंबर। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को सोना-चांदी गलाने वाले दो दुकानदारों को हिरासत में लिया था। उनके पास से करीब 40 लाख रुपये की चांदी जब्त की गई है। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने दोनों दुकानदारों से गहन पूछताछ की। पूछताछ पूरी होने के बाद मंगलवार को उन्हें बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया है, लेकिन बरामद चांदी पुलिस ने जब्त कर ली है।
दोनों को साफ निर्देश दिया गया है कि जांच पूरी होने तक जब भी नगर थाना पूछताछ के लिए बुलाएगा, उन्हें हाजिर होना होगा। निर्देश का पालन न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के दौरान दुकानदारों ने बड़ा बाजार स्थित कई बड़े सोना-चांदी दुकानों के मालिकों के नाम बताए हैं। पुलिस अब उनसे बारी-बारी पूछताछ कर चांदी के स्रोत का पता लगाएगी।
एसएसपी ने कहा कि यदि जांच में जब्त चांदी अवैध पाई गई तो उसे सरकारी कब्जे में लिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी जांच सौंपी गई है। पुलिस और आयकर विभाग अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। फिलहाल जांच अहम चरण में है, इसलिए सभी जानकारी सार्वजनिक करना ठीक नहीं होगा।



