बिहार

बिहार दरोगा मुख्य लिखित परीक्षा 2026 रद्द, 1799 पदों के लिए फिर होगी परीक्षा

पटना- 23 सितंबर। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए 1799 पदों पर नियुक्ति के लिए 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा रद्द कर दी है। आयोग ने बुधवार को इससे संबंधित आधिकारिक सूचना जारी की। नई परीक्षा तिथि की घोषणा अलग से की जाएगी।

परीक्षा रद्द होने के बाद अब 1799 पदों के लिए सभी संबंधित अभ्यर्थियों को दोबारा मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नई परीक्षा की तिथि और कार्यक्रम के संबंध में बाद में अलग से सूचना जारी की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि बीपीएसएससी की ओर से 1799 पदों पर नियुक्ति के लिए 27 मई को मुख्य लिखित परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट से संबंधित तस्वीरें तथा सामग्री सामने आने लगी थीं। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी परीक्षा केंद्र से बाहर ले जाने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर प्रश्न और ओएमआर शीट से जुड़ी सामग्री सामने आने के बाद परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे।

आयोग ने 19 जून को मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें कुल 10,759 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। परिणाम जारी होने के बाद कथित गड़बड़ी और प्रश्नपत्र तथा ओएमआर शीट से संबंधित सामग्री सामने आने के मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द करने की मांग तेज कर दी।

पटना सहित राज्य के कई स्थानों पर अभ्यर्थियों ने आंदोलन किया। राजधानी के गर्दनीबाग धरनास्थल पर भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। आंदोलन के दौरान कई अभ्यर्थियों ने आमरण अनशन भी शुरू किया था।

अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने तथा जांच के आधार पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे अभ्यर्थियों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया था।

वहीं, परीक्षा में कथित गड़बड़ी और सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र तथा ओएमआर शीट से संबंधित सामग्री सामने आने के मामले की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) भी जांच कर रही थी। अब बीपीएसएससी के परीक्षा रद्द करने के फैसले के बाद 1799 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया के लिए मुख्य लिखित परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!