
मधुबनी नगर निगम बोर्ड की बैठक में 43 लाख की टोइंग वैन खरीद का प्रस्ताव, औचित्य पर उठे सवाल
मधुबनी- 22 सितंबर। नगर निगम मधुबनी के बोर्ड की बैठक कल 23 सितंबर को होनी है। नगर आयुक्त के पत्रांक 2393 दिनांक 16.09.2026 से जारी एजेंडे के बिंदु संख्या 16 में टोइंग वैन की खरीद (राशि 43 लाख) के लिए प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव शामिल है। जानकारों का कहना है कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत गलत पार्किंग पर वाहन टो करने और फाइन काटने का अधिकार ट्रैफिक पुलिस का है, नगर निगम का नहीं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर में रोजाना वाहन चेकिंग कर लाखों का ऑनलाइन चालान वसूला जाता है, जिसका एक रुपया भी निगम को नहीं मिलता। फिर 43 लाख की टोइंग वैन खरीदने का औचित्य क्या है?
सूत्रों के अनुसार इस खरीद में 10 से 15 प्रतिशत कमीशन का खेल होने का आरोप है, साथ ही ड्राइवर, ऑपरेटर और डीजल का मासिक खर्च अलग से निगम पर पड़ेगा। शहर के लोगों का कहना है कि बरसात में शहर के अधिकांश नाले जाम रहते हैं। निगम के पास पहले से मौजूद नाला सफाई की मशीनें और टैंकर सही से इस्तेमाल नहीं होते है। जेसीबी सहित कई वाहन खराब पड़े है। कई वार्डों में तो नालों की उड़ाही सालों से नहीं हुई। शहर की जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए कई मशीन गैरेज में खड़ी-खड़ी खराब हो रही है। इस संबंध में नगर आयुक्त से पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।



