
MADHUBANI:- बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग, हाकिमों को क्षतिग्रस्त पाइप की चिंता नहीं
मधुबनी- 04 जून। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड एक से सटे लहेरियागंज चौक से जितवारपुर जाने वाली सड़क के पूरव नल जल योजना का पाइप क्षतिग्रस्त होने से करीब चार महीना से दो दर्जन से अधिक लोगों के घरों तक जलापूर्ति ठप है। जिससेभीषण गर्मी के इनदिनों पेयजल के लिए भारी कठिनाई हो रही है। पानी की किल्लत झेल रहे स्थानीय लोगों ने बताया कि लहेरियागंज से जितवारपुर जाने वाली सड़क पर भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत पुल निर्माण कराई जा रही है। पुल निर्माण स्थित पूर्व से लगाई गई जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे जलापूर्ति ठप हो गया है। वहीं, क्षतिग्रस्त पाइप से प्रतिदिन पानी की बर्बादी हो रही है।
इस क्षतिग्रस्त पाइप के जरिए जितवारपुर डाक बंगला स्थित जलमीनार से पानी सप्लाई किया जाता है। स्थानीय सुबोध मंडल ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन मंगरौनी उत्तरी पंचायत के तहत होने से नगर निगम द्वारा इसे ठीक नहीं कराया जा रहा है। जिससे पानी के लिए लोगों को भारी परेशानी उठाना पड़ रहा है।
मंगरौनी उत्तरी पंचायत के मुखिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप को दुरुस्त कर पानी आपूर्ति कराई जाएगी। इधर, वार्ड 6 के पार्षद आशीष कुमार झा ने बताया कि वार्ड में तीन जलमीनार निर्माण की प्रकिया शुरु कर दिया गया है। सबमर्सिबल के द्वारा जलापूर्ति की जा रही है। पूर्व के जलमीनार से पानी आपूर्ति की जा रही है।
पार्षद ने बताया कि वार्ड में जलापूर्ति पर ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, वार्ड 35 के कई लोगों ने बताया कि अनियमित रूप से जलमीनार से मिल रहे पानी में गंदगी और कीड़े मकोड़े नजर आते रहते हैं। दूषित पानी से बर्तन व कपड़े धोने में काम आता हैं। लेकिन पीने के लिए शुद्ध पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वार्ड में चापाकल की हालत भी खराब होने के कारण पानी मिलना मुश्किल हो रहा है। नगर निगम प्रशासन पानी की समस्या दूर करने में उदासीन बना है। जिससे वार्ड के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
लोगों ने बताया कि शीघ्र ही वार्ड में नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति नहीं होती है तो पुरानी दुर्गा मंदिर चौक पर सड़क जाम किया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मरम्मती कार्य में उदासीनता की शिकायत पर एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।



