
MADHUBANI:- नगर निगम के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों का 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल
मधुबनी- 26 जुलाई। नगर निगम आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी संघ के तत्वावधान में स्थानीय टाउन क्लब मैदान में रविवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए महासचिव बबलू राम ने कहा कि तीन सूत्री मांगों के समर्थन में नगर निगम मधुबनी के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेगा।
राज्यव्यापी हड़ताल बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाईज फेडरेशन एवं बिहार स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर किया जा रहा है। हड़ताल की पूर्व संध्या पर 29 जुलाई को मधुबनी मुख्यालय मशाल जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस थाना मोड़ होते हुए टाउन क्लब मैदान पहुंचकर आमसभा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हड़ताल की सूचना जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, नगर आयुक्त को दी गई है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय सहित कई विभागों में संविदा, आउटसोर्सिंग,ठेकेदारी व्यवस्था के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों के अधिकार की लड़ाई लड़ी जा रही है।
मधुबनी जिला सहित राज्य के विभिन्न निकायों में करीब 17 वर्षों से लगभग 35 हजार दैनिक सफाई कर्मी शहरों, नालों की सफाई सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं।जिसमें करीब 80 प्रतिशत कर्मी दलित, महादलित वर्ग से आते हैं, जिनकी सामाजिक, आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। उनकी सेवाओं का नियमित करने के दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। सरकार द्वारा चतुर्थवर्गीय पदों को समाप्त कर दिया गया।
वर्षों से कार्यरत इन कर्मियों के भविष्य के संबंध में कोई नीति निर्धारित नहीं की गई, जिससे आज भी अस्थायी स्थिति में कार्य करने को विवश हैं। दैनिक वेतनभोगी कर्मियों कोहटाये जाने,आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कार्य करने हेतु बाध्य किये जाने की शिकायत बढ़ गई है। कई निकायों में बिना स्वीकृति, बिना पारदर्शी प्रक्रिया के मानवबल की नियुक्ति की जा रही है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान में गरीब मजदूरों को मिले अधिकार की रक्षा के लिए आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है। बिहार के विभिन्न नगर निकायों में कार्यरत संविदा दैनिक वेतनभोगी और एनजीओ कर्मियों की समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही है। कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है।
बैठक में अध्यक्ष पप्पू राम, कोषाध्यक्ष रवि राम, मीडिया प्रभारी रोशन राम, संगठन मंत्री विजय राम, कार्यालय मंत्री दुर्गा राम, रीता देवी, रानी देवी, शीला देवी, कौशल्या देवी, काजल देवी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों ने हिस्सा लिया।



