
MADHUBANI: रांटी-चकदह की सड़क-नाला के लिए राज्यपाल कार्यालय से DM को आदेश, अब अतिक्रमण हटेगा?
मधुबनी, 13 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड सं. 17 के पंचवटी चौक, काली मंदिर (रांटी, चकदह) से ब्रह्मस्थान, चकदह तक अतिक्रमण हटाने, सड़क के पुनर्निर्माण और स्थायी जल निकासी व्यवस्था के निर्माण के मामले में बड़ी हलचल हुई है। इसको लेकर राज्यपाल सचिवालय, बिहार, लोकभवन पटना से जिलाधिकारी, मधुबनी को पत्र भेजा गया है। पत्र में अविलंब कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में बताया गया है कि इस मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अविलंब की जाए और कृत कार्रवाई से आवेदक को अवगत कराया जाए। राज्यपाल कार्यालय से सीधे DM को निर्देश जाने के बाद अब प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
बतादें कि इसको लेकर स्थानीय जयचन्द्र झा सहित अन्य लोगों द्वारा आवेदन दिया गया था। आवेदन में बताया गया है कि लंबे समय से रांटी-चकदह के लोग सड़क पर अतिक्रमण, टूटी सड़क और जलजमाव से परेशान हैं। बरसात में पानी घरों में घुस जाता है, आवागमन ठप हो जाता है। जल्द से जल्द अतिक्रमण हटे, सड़क का पुनर्निर्माण हो और पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था हो।



