
MADHUBNI: बलिराजगढ़ फायरिंग- फरार ASI चंद्रमोहन सिंह पर इनाम बढ़कर होगा 3 लाख, 12 टीमें तलाश में जुटीं
मधुबनी, 12 नवंबर। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में फायरिंग और हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एसएसपी योगेंद्र कुमार ने आरोपी पर घोषित 25 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 3 लाख रुपये करने के लिए उच्चस्तरीय विभाग को संस्तुति भेजी है, ताकि आम लोग सूचना देने में रुचि ले सकें।
एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि फरार ASI को दबोचने के लिए पुलिस की 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इनमें से कई टीमें राज्य और देश की सीमाओं से बाहर भी दबिश दे रही हैं, जबकि जिले के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
इस मामले में पुलिस ने अब तक 14 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ के दौरान फरार ASI के ठिकाने और सुराग से जुड़े कई अहम तथ्य हाथ लगे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते दिनों बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह एक घर में कथित संबंध के चलते महिला से मिलने पहुंचा था। हालांकि, उस वक्त महिला घर पर मौजूद नहीं थी, बल्कि एक नाबालिग लड़की थी। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी ने घबराकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।
इस गोलीबारी में चार लोगों को गोलियां लगीं, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद से आरोपी ASI फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।



