MADHUBANI:- लोहट चीनी मिल चालू कराने की मांग को लेकर 17 नवंबर को धरना, अनुमति लेने पहुंचे गणेश महारण हिरासत में लिए गए
“पूर्व के एक मामले में वारंट के आधार पर पुलिस ने लिया हिरासत में, बॉन्ड भरने के बाद मिली जमानत; किसानों के बकाया भुगतान और सार्वजनिक रास्ता चालू कराने की भी उठाई मांग”
मधुबनी- 13 नवंबर। ऐतिहासिक लोहट चीनी मिल को पुनः चालू कराने,किसानों के बकाया भुगतान और सार्वजनिक रास्ता चालू कराने की मांग को लेकर 17 नवंबर को समाहरणालय परिसर स्थित प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अनुमति लेने के लिए गणेश कुमार महारण सदर एसडीओ के कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व के एक मामले में जारी वारंट के आधार पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, बॉन्ड भरने के बाद उन्हें जमानत दे दी गई।
हिरासत से रिहा होने के बाद गणेश कुमार महारण ने कहा कि लोहट चीनी मिल को दोबारा चालू कराना केवल एक व्यक्ति की मांग नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के किसानों, नौजवानों और आम लोगों के हित से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि चीनी मिल बंद होने से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में मिल को पुनः चालू कराने के लिए जनआंदोलन जरूरी है।
गणेश महारण ने बताया कि 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक समाहरणालय, मधुबनी के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित करने की योजना है। इसमें मुख्य रूप से तीन मांगें रखी जाएंगी। तीन मुख्य मांगों में लोहट चीनी मिल को पुनः चालू किया जाए। किसानों के बकाया भुगतान की राशि वापस की जाए। आम लोगों के लिए सार्वजनिक रास्ता चालू कराया जाए।
उन्होंने लोगों से धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए। कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं, बल्कि किसानों के अधिकार, क्षेत्र के विकास, आम जनता की बुनियादी समस्याओं से जुड़ा सामूहिक संघर्ष है।



