
बलिराजगढ़ में ASI का शव मिलने के बाद DIG ने किया घटनास्थल का दौरा, जांच में जुटा प्रशासन
“फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव मिलने से इलाके में तनावपूर्ण माहौल; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, डीएमसीएच भेजा गया शव”
मधुबनी- 13 नवंबर। जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ में फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी मनोज तिवारी बलिराजगढ़ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीआईजी ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना के बारे में पूछताछ की। जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी के दौरे के बाद से ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
शव मिलने से इलाके में तनाव—
बीती रात एएसआई का शव मिलने के बाद इलाके में हलचल तेज हो गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज—
एएसआई चंद्रमोहन सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया गया है। शव मिलने के बाद पूरे दिन इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, अब तक एएसआई की मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। फिलहाल, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।



