
मधुबनी: SSB की कार्रवाई, 405 लीटर नेपाली शराब और 3 मोटरसाइकिल जब्त, 1 तस्कर गिरफ्तार
मधुबनी, 13 नवंबर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर को सफलता मिली है। SSB ने 405 लीटर नेपाली शराब (सोफी) के साथ तीन बाइक जब्त की है, जबकि एक तस्कर राम भरोस पासवान (25), निवासी ग्राम एवं पोस्ट खौना, थाना बासोपट्टी को गिरफ्तार किया गया है। ‘A’ समवाय हरने की बाह्य सीमा चौकी खौना गश्ती दल भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 278/2 से लगभग 900 मीटर भारतीय क्षेत्र में ग्राम खौना के पास पासवान टोला स्थित खड़ही पोखर के निकट नेपाल की ओर से तीन व्यक्ति तीन बाइक पर बोरियों में सामान लादकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते समय रोकने का प्रयास किया। इस पर तीनों व्यक्ति अपनी-अपनी बाइक छोड़कर भागने लगे। गश्ती दल ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि अन्य दो व्यक्ति गांव के संकरे रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि उक्त शराब नेपाल से एक अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त की गई थी, जिसे भारतीय क्षेत्र में बासोपट्टी निवासी विनोद महतो तक पहुंचाया जाना था।
फरार दो तस्करों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। SSB अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



