विश्व

UAE में बड़ा सड़क हादसा, 18 वाहनों की टक्कर में 14 की मौत, जान गंवाने वालों में भारतीय मूल के जुड़वां भाई-बहन और मासूम

अबू धाबी/दुबई- 13 नवंबर। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह अमीरात में सड़क हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस हादसे में 18 वाहन टकरा गए। इसके बाद कुछ में आग लग गई। इन वाहनों में पांच ट्रक शामिल हैं। जान गंवाने वालों में कार सवार भारतीय मूल के जुड़वां भाई-बहन (21 वर्षीय मोहम्मद अस्मिल सिद्दीकी-मिसना जुबिन सिद्दीकी) और उनका तीन वर्षीय भतीजा मोहम्मद फैज शामिल है।

गल्फ न्यूज और अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार फुजैराह पुलिस ने बताया कि बुधवार आधी रात से कुछ पहले फुजैराह अमीरात के प्रवेश द्वार के पास शेख खलीफा बिन जायद रोड पर एक ट्रक चालक का अपने वाहन से नियंत्रण हट गया। पुलिस के मुताबिक इस ट्रक ने एक अन्य वाहन को टक्कर मारी। फिर पलट गया और धीमी गति से चल रहे ट्रैफिक के कारण रुके हुए कई अन्य वाहनों से जा टकराया। ट्रक में लगी आग कई क्षतिग्रस्त वाहनों तक फैल गई।

फुजैराह पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल और झुलसे लोगों में से 15 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 15 अन्य का अभी भी इलाज चल रहा है। मृतकों में अमीराती नागरिक भी शामिल हैं। शोकाकुल मूल रूप से केरल के रहने वाले इस भारतीय परिवार ने तीनों को यूएई में ही दफनाने का फैसला किया है। परिवार के सदस्य जमल सिद्दीकी ने बताया कि तीनों का अंतिम संस्कार शुक्रवार की नमाज के बाद फुजैराह की एक मस्जिद में किया जाएगा।

दिवंगत जुड़वां भाई-बहन के बड़े भाई अजमल सिद्दीकी ने बताया कि अस्मिल और मिसना हाल ही में केरल से संयुक्त अरब अमीरात लौटे थे। इस बार अस्मिल अपनी पत्नी आरिफा और अपनी बेटी फरजाना को भी साथ लाए थे। फरजाना गृहिणी हैं। जुड़वां भाई-बहन केरल में पैदा हुए और पले-बढ़े। वहीं उन्होंने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की। इसके बाद वे फुजैराह आ गए, जहां 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की। वे डिस्टेंस लर्निंग के जरिए ‘बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन’ (बीसीए) की ऑनलाइन डिग्री कर रहे थे।

अजमल ने बताया कि अस्मिल बुधवार रात परिवार कुछ सदस्यों के साथ एक रिश्तेदार को छोड़ने शारजाह गया था। वहां से लौटते समय रात करीब 11 बजे फुजैराह कोर्ट हाउस के पास उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। केरल में सिद्दीक के भाई की पत्नी मुमताज ने कहा कि परिवार इस खबर से पूरी तरह टूट गया है। जुड़वां भाई-बहन के पिता कई दशकों से यूएई में रह रहे हैं और फुजैराह में एक जाना-माना चेहरा हैं। वे ‘ईवा कैफेटेरिया’ चलाते हैं। केरल के मलप्पुरम जिले में कुन्नुमपुरम के ‘अल जजीरा आर्ट्स एंड स्पोर्ट्स क्लब’ ने सोशल मीडिया पर अस्मिल को श्रद्धांजलि दी है।

दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गुरुवार दोपहर बताया कि अधिकारी पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!